कौशाम्बी: ध्रुव व शिवम के दम पर एचसीए हरियाणा सेमीफाइनल में,शिवम ने 29 गेंदों पर जड़ा नाबाद अर्धशतक, अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन को आठ विकेट से हराया,
यूपी के कौशाम्बी जिले के रिजवी कॉलेज करारी में चल रही ऑल इंडिया रिजवी कप क्रिकेट प्रतियोगिता में एचसीए हरियाणा ने रिजवी कप के लिए आयोजित 16वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इस जीत के नायक ध्रुव यादव रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि शिवम सिंह ने महज 29 गेंदों पर नाबाद 60 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई। सेमीफाइनल में एचसीए हरियाणा का मुकाबला मंगलवार को मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन से होगा।
सोमवार को करारी स्थित रिजवी कॉलेज मैदान पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम 32.3 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से हितेश कुमार ने 37 और उत्कर्ष यादव ने 28 रन बनाए। एचसीए हरियाणा की ओर से ध्रुव यादव ने 31 रन देकर तीन विकेट, योगेश कुमार ने 34 रन देकर तीन विकेट, जयंत गोयत ने दो विकेट तथा अंकित रिधु और हिमांशु राणा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में एचसीए हरियाणा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 10.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शिवम सिंह ने 29 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए। अंकित कुमार ने 31 और हिमांशु राणा ने 21 रन का योगदान दिया, जबकि शुभम लाम्बा 12 रन बनाकर नाबाद रहे। अलीगढ़ की ओर से विभांशु सिंह और उत्कर्ष यादव ने एक-एक विकेट लिया।
मैच के बाद डॉ. रिजवी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट के निदेशक प्रोफेसर डॉ. अनीस अफजल ने ध्रुव यादव को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले में शिशिर मेहरोत्रा और आले हसन ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की।
प्रतियोगिता में मंगलवार को एचसीए हरियाणा और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला सुबह खेला जाएगा।








