शुभ की बेहतरीन गेंदबाजी से मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन सेमीफाइनल में,टॉलीगंज क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से दी शिकस्त

कौशाम्बी: शुभ की बेहतरीन गेंदबाजी से मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन सेमीफाइनल में,टॉलीगंज क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से दी शिकस्त,

यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी में चल रही ऑल इंडिया रिजवी कप क्रिकेट प्रतियोगिता में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने रिजवी कप के लिए आयोजित 15वीं आबिश एवं शाकिब रिजवी स्मारक ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टॉलीगंज क्रिकेट अकादमी, कोलकाता को छह विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मेरठ की जीत के नायक शुभ मिश्रा रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में दो मेडन के साथ 20 रन देकर तीन विकेट झटके।

रविवार को करारी स्थित रिजवी कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टॉलीगंज क्रिकेट अकादमी, कोलकाता की टीम 34 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। रवि शंकर ने 30, जबकि अंशुमान पाण्डेय और दीपक यादव ने 19-19 रनों का योगदान दिया। मेरठ की ओर से शुभ मिश्रा ने तीन, अजय कुमार ने तीन, अंकुर चौहान ने दो तथा प्रशांत चौधरी और निर्देश बैसोया ने एक-एक विकेट हासिल किया।

जवाब में मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 19 ओवर में चार विकेट खोकर 113 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। यशु प्रधान ने 48, संदीप तोमर ने 30 तथा सत्यम सांगू ने नाबाद 16 रन बनाए। टॉलीगंज की ओर से रोहित यादव ने तीन और लुकमन अंसारी ने एक विकेट लिया।

मैच के बाद बीसीसीआई अंपायर ताहिर अब्बास ने शुभ मिश्रा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। मुकाबले में ताहिर अब्बास एवं शिशिर मेहरोत्रा ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की।

प्रतियोगिता में सोमवार को हरियाणा क्रिकेट अकादमी (हरियाणा) और अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन (अलीगढ़) के बीच अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबला सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor