आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत क्रिटिकल बूथों की मैपिंग को लेकर बैठक आयोजित

कौशाम्बी: आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत क्रिटिकल बूथों की मैपिंग को लेकर बैठक आयोजित,

यूपी के कौशाम्बी जिले में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से क्रिटिकल बूथों (संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों) की मैपिंग एवं चिन्हांकन के संबंध में तहसील सभागार मंझनपुर में एसडीएम राज कुमार मौर्य की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत पिछले चुनावों में घटित घटनाओं, मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता, कानून-व्यवस्था की स्थिति, मतदाताओं को प्रभावित करने की संभावनाओं तथा अन्य प्रासंगिक बिंदुओं के आधार पर क्रिटिकल बूथों की पहचान एवं मैपिंग किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रिटिकल बूथों का चिन्हांकन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ किया जाए। इसके लिए उपलब्ध अभिलेखों एवं पूर्व निर्वाचन संबंधी आंकड़ों का गहन परीक्षण करते हुए वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर सूचनाएं संकलित की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor