नंदी वाणी पब्लिक स्कूल में बाल मेले की धूम, नाइट कैंप का बच्चों ने उठाया लुत्फ,जमकर मचाया धमाल

कौशाम्बी: नंदी वाणी पब्लिक स्कूल में बाल मेले की धूम, नाइट कैंप का बच्चों ने उठाया लुत्फ,जमकर मचाया धमाल,

यूपी के कौशाम्बी जिले के नंदी वाणी पब्लिक स्कूल भरवारी में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले एवं विशेष नाइट कैंप का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उमंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाल मेले से हुआ, जिसमें नर्सरी से कक्षा 12 तक के बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ विद्यालय पहुंचकर मेले का आनंद लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। बाल मेले में बच्चों एवं अभिभावकों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों द्वारा बनाए गए स्वादिष्ट व्यंजनों एवं आकर्षक कॉम्पिटेटिव गेम का आनंद लिया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।

बाल मेले के पश्चात कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय परिसर में विशेष नाइट कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। दोपहर से लेकर रात तक बच्चों के मनोरंजन के लिए अनेक आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान स्वादिष्ट डिनर, डीजे म्यूजिक, शानदार डांस, बोनफायर तथा विभिन्न फन गेम्स का आयोजन किया गया।

डीजे की धुन पर बच्चों ने जमकर नृत्य किया और बोनफायर के आसपास मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। विभिन्न खेलों और सामूहिक गतिविधियों ने विद्यार्थियों के बीच आपसी सहयोग, मित्रता, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया। नाइट कैंप विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई और नियमित दिनचर्या से हटकर एक अलग एवं रोमांचक अनुभव साबित हुआ।

रात्रि विश्राम के पश्चात सुबह विद्यार्थियों ने एक साथ नाश्ता किया। इसके बाद सभी बच्चे हंसी-खुशी, उत्साह और कार्यक्रम की खूबसूरत यादों के साथ अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक ज्योति केसरवानी एवं अभिजीत कुमार ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना भी है। शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, सामूहिक सहभागिता एवं व्यावहारिक अनुभव बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए अनुभव प्राप्त करने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अपनी पूरी टीम के साथ रात भर बच्चों के साथ रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor