कौशाम्बी: ननमई गांव में गोमांस की सूचना पर हिंदू संगठनों का हंगामा; पुलिस ने जांच को भेजा सैंपल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में कोखराज थाना क्षेत्र के ननमई गांव में सोमवार की रात गौवंश की हत्या कर गोमांस की बिक्री की सूचना पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोखराज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया। टीम ने मौके से संदिग्ध मांस का नमूना लेकर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है।
इस सम्बन्ध में कोखराज पुलिस ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच में गोवंश वध अथवा अन्य किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।








