कौशाम्बी: भूतपूर्व सैनिक के घर में सीढ़ी लगाकर घुसे चोर, लाखों के जेवरात लेकर फरार,
यूपी के कौशाम्बी जिले के चायल थाना क्षेत्र के चलौली गांव में बीती रात चोरों ने भूतपूर्व सैनिक के घर को निशाना बनाया। सीढ़ी से चढ़कर घर में घुसे चोर ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पार कर ले गए।
घटना के समय घर में आवाज होने पर बगल के घर से एक महिला जाग गई। महिला ने देखा तो चोर आंगन से भाग रहा था। महिला को देखते ही चोर भाग निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर फरार हो गए।
गांव में हुई इस चोरी से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।
पीड़ित भूतपूर्व सैनिक ताराचन्द्र पुत्र जवाहर लाल निवासी चलौली ने गुरुवार सुबह चायल चौकी पहुंचकर चोर के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है।








