कौशाम्बी: पूरक पोषाहार से बनी पौष्टिक रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन, कुपोषण प्रबंधन पर दिया गया जोर,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सोमवार को ब्लॉक मंझनपुर में रेसिपी प्रतियोगिता सह बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा विभाग से प्राप्त पुष्टाहार सामग्री से हलवा, लड्डू, बर्फी, खिचड़ी, बिस्किट,पिज्जा ,दलिया जैसी पौष्टिक रेसिपी बनाकर लाई गई। सभी रेसिपी का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हुबलाल दिवाकर, ADO पंचायत कमलाकान्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, RBSK डॉ. अरुण केशरवानी, CDPO रामेश्वर पाल, CM फेलो सौम्या अवस्थी, समस्त मुख्य सेविकाएं (मंझनपुर एवं शहर ) एवं समस्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
आये हुए सभी अतिथिगणों द्वारा पुष्टाहार से बनी रेसिपी को चखा और सराहा गया तथा अपने-अपने क्षेत्र के सभी लाभार्थियों (गर्भवती, धात्री एवं 3-6 वर्ष के बच्चों) तक इन रेसिपी के प्रचार-प्रसार हेतु निर्देशित किया गया। अतिथियों द्वारा सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में DPO द्वारा बताया गया कि जिले में गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान MUAC टेप एवं वजन-लंबाई अनुपात से की जा रही है। SAM बच्चों को जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में 14 दिन का मुफ्त इलाज, मां के लिए रहने-खाने व यात्रा भत्ता की सुविधा दी जा रही है। साथ ही मध्यम कुपोषित (MAM) बच्चों का प्रबंधन आंगनबाड़ी केंद्र पर ही THR, पौष्टिक रेसिपी एवं गृह भ्रमण व काउंसलिंग के माध्यम से किया जा रहा है। आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर NRC रेफरल में सहयोग कर रही हैं।
सभी आगंतुकों का आभार बाल विकास परियोजना अधिकारी,मंझनपुर रामेश्वर पाल द्वारा व्यक्त किया गया।








