कौशाम्बी
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर है।पंचायत चुनाव आते ही माफियाओं की दखलंदाजी भी शुरू हो गई है। इसी बीच पंचायत चुनाव में ‘डी कम्पनी’ ने दस्तक देकर पुलिस महकमे को चौंका दिया है। डी गैंग के गुर्गे ने किशुनपुर अंबारी गांव के एक दावेदार को साथियों के साथ घेरकर प्रचार करने से मना किया है। चेतावनी दी है कि दोबारा प्रचार किया तो जान से मार दिया जाएगा। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।किशुनपुर अंबारी गांव निवासी शारदा प्रसाद उर्फ पिंटू बेड़िया निवर्तमान प्रधान चंदा देवी का बेटा है। उसने बताया कि पंचायत चुनाव में गांव के प्रधान पद की सीट सामान्य होने से इस बार वह स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है और अपना प्रचार कर रहा है। उसकी दावेदारी मजबूत है। वह अपने समर्थकों के साथ गांव में चुनाव का प्रचार करने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में गांव के दबंग मो. अमजद ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया और प्रधानी का चुनाव न लड़ने की हिदायत देते हुए गाली-गलौच करने लगा। आरोप है कि दबंग ने खुद को मुंबई के ‘डी गैंग का गुर्गा बताते हुए चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। चेतावनी दी है कि अब वह गांव में दोबारा अपने लिए प्रचार नहीं करेगा। यदि वह प्रचार करते हुए मिला तो उसको जान से मार दिया जाएगा। उसके साथियों को भी यही धमकी दी गई है। पीड़ित ने थाने जाकर आरोपी दबंगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर मिलने के बाद सरायअकिल पुलिस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस की एफआईआर में वादी की दी तहरीर के आधार पर लिखा है कि धमकी देने वाला मुंबई की डी कंपनी का गुर्गा है।