कौशाम्बी:पत्नी से विवाद में बाद युवक ने फांसी के फंदे से झूलकर दे दी जान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में बुधवार शाम एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।
घटना कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बैगवा गांव की है जहा का 28 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र स्व. अशोक कुमार मुंबई में कपड़े सिलाई का काम करता था। वह पिछले महीने दीपावली पर अपने गांव आया था।गांव आने के बाद उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी लक्ष्मी का उसके मायके भैला गुवारा गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर अनिल और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बुधवार देर शाम भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इससे नाराज अनिल कुमार अपने कमरे में गया और फांसी लगा ली।परिजनों को घटना की जानकारी होने पर वे अनिल को तत्काल उपचार के लिए मंझनपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच कर रही है।








