कौशाम्बी: डीएम एवं एसपी ने तहसील सिराथू में सुनी जनशिकायतें,अनुपस्थित दस अधिकारियों के एक दिन के वेतन रोकने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सभी तहसीलों में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।डीएम डॉ अमित पाल एवं एसपी राजेश कुमार ने तहसील सिराथू में जनशिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शिकायत को निस्तारित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोई भी शिकायत लम्बित न होने पाये।
डीएम ने तहसील दिवस में परियोजना निदेशक,मत्स्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता लोनिवि, अधिशासी अभियंता सिंचाई, उपायुक्त उद्योग, प्रभागीय वनाधिकारी, थाना प्रभारी मंझनपुर, ए.आर.ओ.(पूर्ति), चकबन्दी अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसी प्रकार तहसील चायल में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 01 शिकायत का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया तथा तहसील मंझनपुर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।








