कौशाम्बी: डीएम ने भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का किया स्थलीय सत्यापन,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ.अमित पाल ने “टॉप-10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के अन्तर्गत मंगलवार को तहसील सिराथू की ग्राम सैनी में आयोजित कैम्प में भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया।
डीएम ने एसडीएम सिराथू योगेश कुमार गौड़ एवं सीओ सिराथू सत्येन्द्र तिवारी को मौके पर जाकर समस्या को निस्तारित करने के निर्देश दिए। कैम्प में कुल 08 शिकायतें प्राप्त हुई। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कैम्प में प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय सैनी ने बताया कि स्कूल के पास ही ग्राम समाज की भूमि है, जिसे खेल के मैदान के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिस पर डीएम ने एसडीएम को भूमि का सीमांकन कराकर संबंधित अधिकारी से समन्वय कर खेल के मैदान के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जिस पर एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय के पीछे 17 बिस्वा खेल के मैदान को अभिलेखों में तत्काल दुरुस्त कराकर चिन्हांकन करवाया।
कैम्प में बताया गया कि पूर्व प्रधान ने पंचायत भवन के एक कक्ष को कब्जा कर रखा है, जिस पर डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी को तत्काल मौके पहुंचकर पंचायत भवन के कक्ष को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम के सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण को हटवाने एवं इंटरलॉकिंग के कार्य को पूर्ण कराने की शिकायत पर एसडीएम, उपायुक्त मनरेगा मनोज वर्मा व खण्ड विकास अधिकारी को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाकर इंटरलॉकिंग के कार्य को पूर्ण करवाने के निर्देश दिए, जिस पर एसडीएम ने मुरैना का पूरा में रास्ते की समस्या का तत्काल मौका मुआयना कर एसडीओ विद्युत को विद्युत पोल हटवाने के निर्देश दिए।
डीएम ने एसडीएम से कहा कि आइ.जी.आर.एस., सीएम हेल्पलाइन एवं आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर समस्या को निस्तारित कराई जाए।








