कौशाम्बी: कौशाम्बी के बहुचर्चित भारत यादव हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सपा सांसद,विधायक सहित कई बड़े नेता किए गए हाउस अरेस्ट,
यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र के अड़हरा गांव में हुए बहुचर्चित भारत यादव हत्याकांड को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है। 10 दिन पहले हुए इस सनसनीखेज मामले में मंगलवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए कौशाम्बी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज और मंझनपुर विधानसभा से विधायक इंद्रजीत सरोज पहुंचने वाले थे,लेकिन, इससे पहले ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया और पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों जनप्रतिनिधियों को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया।

इतना ही नहीं, सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव और मंझनपुर विधायक प्रतिनिधि परवेज़ अख्तर अंसारी के घर पर भी पुलिस ने दबिश दी और समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल जरूर बढ़ी, लेकिन हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई है, ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने न पाए।फिलहाल, इलाके में शांति बनी हुई है और किसी प्रकार के तनाव की सूचना नहीं है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।








