कौशाम्बी: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत,परिजनों में कोहराम,नगर पालिका और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भरवारी कस्बे में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय बिजली मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान शारदा प्रसाद केसरवानी उर्फ बबऊ मिस्त्री (65 वर्ष), निवासी नया बाजार भरवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मेहता रोड गौशाला के पास एक घर में बिगड़ी हुई बिजली बना रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।जिन्हें नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग और नगर पालिका के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों और मोहल्ले वालों का आरोप है कि जिस घर के ऊपर से हाई वोल्टेज की तार गुजरी है, उसे हटाने के लिए कई महीने पहले नगर पालिका में शिकायत की गई थी।शिकायत पर नगर पालिका ईओ राम सिंह ने बिजली विभाग को पत्र भी लिखा था, लेकिन आरोप है कि कई महीने बीत जाने के बावजूद तार को नहीं हटाया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई। लापरवाही के चलते आज एक बुजुर्ग मिस्त्री की जान चली गई।
घटना के बाद बिजली विभाग और नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली की तारो को ठीक करने में जुटे हुए है।
रिपोर्ट – अशोक केसरवानी कौशाम्बी








