कौशाम्बी: नगर पालिका कर्मचारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश,राहगीरों को सिखाया 4 रंग के डस्टबिन का सही उपयोग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिषद मंझनपुर के कर्मचारियों ने स्वच्छता को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह के निर्देश पर नया नगर में राहगीरों और स्थानीय लोगों को कचरा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण ट्रेनिंग पार्टनर त्रिलोकी नाथ सिंह शिक्षा सेवा समिति की ओर से दिया गया। समिति के ट्रेनरों ने लोगों को चार अलग-अलग रंग के डस्टबिन के उपयोग के बारे में बताया और समझाया कि कचरे को अलग-अलग करके ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है।
चार रंग, चार तरह का कचरा – ऐसे करें उपयोग:
1. हरा डस्टबिन – गीला और सड़ने वाला कचरा
इसमें रसोई का बचा हुआ खाना, सब्जियों और फलों के छिलके, सड़े हुए फल, चाय की पत्ती और सूखे फूल डालें।
2. नीला डस्टबिन – सूखा और रीसाइकिल होने वाला कचरा
इसमें प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन, दूध के खाली पैकेट, चिप्स के रैपर, कागज, गत्ता, धातु के डिब्बे और कांच की चीजें डालें।
3. काला डस्टबिन – खतरनाक या बायो-मेडिकल कचरा
इसमें खराब बैटरी, पेंट, केमिकल्स, थर्मामीटर और सुई-सिरिंज जैसे खतरनाक कचरे डालें।
4. लाल डस्टबिन – अजैविक और संक्रामक कचरा
इसमें बच्चों के डायपर, सैनिटरी पैड और टिश्यू पेपर डालें।
नगर पालिका के कर्मचारियों ने लोगों से अपील की है कि कचरे को इधर-उधर न फेंकें और डस्टबिन का सही उपयोग कर मंझनपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें।
इस मौके पर ट्रेनर पार्टनर के अध्यक्ष बालेन्द्र सिंह, पंकज अग्रहरि, अरमान शेख, सिप्तैन शेख सहित कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अशोक केसरवानी, कौशाम्बी








