कौशाम्बी: डीएम ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं,जल निगम को पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क को 15 दिन में ठीक कराने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने गुरुवार को “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड सिराथू की ग्राम- उदहिन बुजुर्ग में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाय। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया गया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने ग्रामवासियों से पूछा कि विद्यालय में अध्यापक समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं या नहीं, जिस पर बताया गया कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को विद्यालय का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया।
सीडीओ ने ग्राम चौपाल में उपस्थित ग्राम वासियों से कहा कि अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र में अवश्य भेजें।
चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क तोड़ दी गई है, जिसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया है, जिस पर डीएम ने सहायक अभियंता जल निगम से कहा कि 15 दिन के अंदर मानक के अनुरूप सड़क ठीक कराते हुए पेयजल आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई जाय। चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि विद्युत की कटौती हो रही है, जिस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 89 परिवारों को चिन्हित किया गया है, सभी पात्र लोगों को शीघ्र आवास योजना से लाभान्वित किया जाएगा। ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
डीएम में पंचायत भवन में बनाए गए डिजिटल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 28 बच्चे डिजिटल लाइब्रेरी में आकर अध्ययन कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रभारी एसडीएम माज अख्तर एवं जिला विकास अधिकारी शैलेन व्यास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।








