कौशाम्बी: PET परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी हो गई बेहोश,मेडिकल कॉलेज में भर्ती, छूट गई परीक्षा,
यूपी के कौशाम्बी जिले में रविवार को PET-2026 की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी अचानक बेहोश होकर गिर गई। परीक्षा केंद्र पर मौजूद मेडिकल टीम ने उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां करीब आधे घंटे तक इलाज के बाद छात्रा को होश आया। डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। हालांकि, इस घटना के चलते छात्रा की परीक्षा छूट गई।
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव निवासी मुस्कान सिंह (22) पुत्री संतोष सिंह मंझनपुर के ओसा स्थित राजकीय विद्यालय में PET की परीक्षा देने पहुंची थी। रविवार को दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक निर्धारित थी।
परीक्षा के दौरान अचानक मुस्कान के सिर में तेज दर्द हुआ। इसके बाद वह अपनी सीट पर ही अचेत होकर गिर गई। छात्रा को बेहोश देखकर परीक्षा केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तत्काल उसके साथ आए पिता संतोष को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से छात्रा को मंझनपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया। फिलहाल डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई है। उसका इलाज जारी है।
छात्रा के पिता शिक्षक संतोष सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र से उन्हें बेटी के अचानक बेहोश होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। करीब आधे घंटे के इलाज के बाद बेटी को होश आया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत सामान्य है।उधर, परीक्षा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मुस्कान की परीक्षा भी छूट गई।








