जिला न्यायालय में वृहद मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 50 स्टॉल लगे, दिव्यांगों को मिली ट्राई साइकिल,लाभार्थियों को प्रमाणपत्र

कौशाम्बी: जिला न्यायालय में वृहद मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन, 50 स्टॉल लगे, दिव्यांगों को मिली ट्राई साइकिल,लाभार्थियों को प्रमाणपत्र,

यूपी के कौशाम्बी जिले में रविवार को जिला न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वृहद मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिला जज बद्री विशाल पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस विशेष शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए। जिसमें युवा कल्याण विभाग, दुग्ध विभाग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिराथू, श्रम विभाग, राजकीय यूनानी विभाग एवं चिकित्सालय, वन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास परियोजना, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांग विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य विभाग शामिल रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष/जिला जज बद्री विशाल पांडेय ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और प्रमाणपत्र वितरित किया।

वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रिया सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन से लोगों को एक ही छत के नीचे तमाम तरह की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां मिलती हैं और उनकी समस्याओं का निराकरण भी होता है। इस प्रकार के शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम मेगा कैंप- रमेश सहित सभी पटलों के न्यायिक अधिकारी, एडीएम न्यायिक ओम प्रकाश,सीएमओ संजय कुमार सहित न्यायालय के तमाम अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor