पति को खाना देने निकली महिला की बेरहमी से हत्या का मामला, 6 दिन में खुला राज,एक गाली बनी कत्ल की वजह,गांव का ही युवक अरेस्ट

कौशाम्बी: पति को खाना देने निकली महिला की बेरहमी से हत्या का मामला, 6 दिन में खुला राज,एक गाली बनी कत्ल की वजह,गांव का ही युवक अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र के इमली गांव में 6 दिन पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पति को खेत में खाना देने निकली महिला की हत्या महज एक गाली से निकले गुस्से में कर दी गई थी। एसओजी, सर्विलांस और सराय अकिल पुलिस की संयुक्त टीम ने छह दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और टिफिन भी बरामद किया गया है।

घटना 29 मई की रात की है जहा इमली गांव निवासी मनीता देवी अपने पति को खेत पर खाना देने गई थीं। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान गांव के बाहर एक बाग में उनका शव पड़ा मिला था। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अर्जुन पासी निवासी खिजिरपुर कैलई उर्फ इमली गांव तक पहुंची।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को फकीराबाद पावर हाउस के पास से गुरुवार को लगभग 11 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसने सभी को हैरान कर दिया। आरोपी ने बताया कि वह अपनी बाग से लकड़ियां देखकर लौट रहा था। रास्ते में मनीता देवी मिलीं और उसे गाली दे दी। इसी बात पर उसे इतना गुस्सा आया कि उसने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी। मौत होने के बाद शव को बांस की कोठ और बालू के ढेर के बीच छिपा दिया तथा मृतका का मोबाइल और टिफिन भी वहीं छिपा दिया था।

ASP अमिता सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीमों की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor