18 वर्षीय आमना अली चंदेल ने 200 से अधिक महिलाओं के साथ माहवारी स्वच्छता पर छेड़ी जागरूकता की मुहिम

कौशाम्बी: 18 वर्षीय आमना अली चंदेल ने 200 से अधिक महिलाओं के साथ माहवारी स्वच्छता पर छेड़ी जागरूकता की मुहिम,

यूपी के कौशाम्बी जिले में द हाउस ऑफ कोसम ट्रस्ट ‌द्वारा शनिवार को ग्राम पुरखास स्थित कैम्प ऑफिस में ‘ऋतु चक्र’ माहवारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक महिलाओं एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर माहवारी स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का नेतृत्व 18 वर्षीय युवा समाजसेवी आमना अली चंदेल ने किया। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है और इससे जुड़े संकोच एवं भ्रांतियों को समाप्त करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक महिला एवं किशोरी को सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहवारी स्वच्छता अपनाने का अधिकार है।

अभियान के दौरान महिलाओं को माहवारी स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण एवं मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी गई। साथ ही, आर्थिक रूप से जरूरतमंद महिलाओं एवं किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए, ताकि वे सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन को अपने दैनिक जीवन में अपना सकें।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने खुलकर अपने अनुभव साझा किए तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं आयोजकों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने परिवार एवं समाज में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरुकता फैलाने का संकल्प लिया।

द हाउस ऑफ कोसम ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘ऋतु चक्र’ अभियान का उ‌द्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की महिलाओं तक माहवारी स्वच्छता संबंधी सही जानकारी पहुँचाना, पीरियड पॉवर्टी को कम करना तथा प्रत्येक महिला को सम्मानजनक एवं सुरक्षित माहवारी प्रबंधन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। ट्रस्ट द्वारा यह अभियान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है।

इस अवसर पर फातिमा अली, रोमाना, शाहिना, तरन्नुम, कल्पना, ज्योति, अंजुम, पूजा, रितु कुमारी, एवं कुद्‌सिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor