कौशाम्बी: असलहे के बल पर तीन युवकों पर हमला कर बदमाशो ने लूटे बाइक,मोबाइल व नकदी,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में बेखौफ बदमाशों का आतंक बना हुआ है,बदमाश दिन दहाड़े किसी से भी लूट कर ले रहे है,और पुलिस जांच तक सीमित रह जा रही है।
ताजा मामला सरायअकिल थाना क्षेत्र के सरैया पुलिया के पास शनिवार की देर शाम का है जहा तीन युवकों पर घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आठ लोगों पर असलहे के बल पर मारपीट कर स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और करीब तीन हजार रुपये नकद लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
खानपुर पठन पुरवा निवासी मोबिन पुत्र वकील खां ने बताया कि वह अपने चचेरे भाइयों अज्जू खां और इरशाद खां के साथ बाइक से किसी काम से सरायअकिल जा रहे थे। आरोप है कि सरैया पुलिया के निकट चार बाइकों से आए करीब आठ लोग पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्हें देखते ही हमलावरों ने हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि चार हमलावर असलहों से लैस थे और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट के बाद उनकी स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल और करीब तीन हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के पिता वकील खां ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले नहर पर नहाने के दौरान गांव के कुछ लोगों से धक्का-मुक्की और विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत उसी दिन थाने में की गई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश में अनवर खां के पुत्र मकसूद और महमूद समेत अन्य लोगों ने घटना को अंजाम दिया।पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








