डीएम ने की जल निगम,सिंचाई विभाग एवं नलकूप विभाग के कार्यों की समीक्षा,जल-जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश

कौशाम्बी: डीएम ने की जल निगम,सिंचाई विभाग एवं नलकूप विभाग के कार्यों की समीक्षा,जल-जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने सोमवार को उदयन सभागार में जल निगम, नलकूप एवं सिंचाई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

डीएम ने जल-जीवन मिशन के अंतर्गत ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य, पाइप लाइन बिछाने का कार्य, गृह संयोजन एवं पाइप लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क के मरम्मत कार्य की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अभियंता, जल निगम तथा फर्म जे.एम.सी. एवं बाबा जी.ए.इन्फ्रा. को और लेबर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ठीक प्रकार से कार्य न करने वाले/कार्य में कमी पाये जाने पर सम्बन्धित फर्म के विरूद्ध जुर्माना आदि कार्यवाही की जाए। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से पाइप लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क की मरम्मत कार्य का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पाइप लाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़क को मोटरेबल करा दिया जाए।

बैठक में अधिशासी अभियंता,जल निगम ने बताया कि जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद में 275 पेयजल परियोजनाओं में से 227 पेयजल परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुकी है।

डीएम ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई से संचालित पम्पों की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि रोस्टर के अनुसार नहरों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी से रोस्टर के अनुसार नहरों के संचालन की स्थिति का सत्यापन कराकर आख्या उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता, नलकूप को यान्त्रिक दोष के कारण बन्द नलकूपों को शीघ्र क्रियाशील कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता,सिंचाई ने बताया कि जनपद में सभी पम्प संचालित है एवं रोस्टर के अनुसार नहरों का संचालन किया जा रहा है। जोगापुर कैनाल में समस्या आ रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी एवं एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor