कौशाम्बी: जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर सकिपा का जल निगम कार्यालय का घेराव,प्रदर्शन,नारेबाजी कर समाधान की उठाई मांग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में जिले के तमाम गांवों की पेयजल की आपूर्ति की समस्या को लेकर समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी की अगुवाई में जिला जल निगम कार्यालय मंझनपुर का घेराव किया और नारेबाजी प्रदर्शन कर एक पांच सूत्रीय ज्ञापन सहायक अभियंता (जल निगम) रामेश्वर निराला को सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में जल जीवन मिशन अंतर्गत गांवो में पेयजल आपूर्ति की समस्या के समाधान कराए जाने की मांग उठाई गई।
इसके पहले समर्थ किसान पार्टी के तमाम कार्यकर्ता पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी की अगुवाई में जिला जल निगम कार्यालय मंझनपुर में इकट्ठा हुए और बैठक की। बैठक में बोलते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने कहा कि सरकार की हर घर जल योजना जिले में पूरी तरह असफल हो चुकी है। गांव गांव लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं और लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। आगे कहा कि जल्द ही जिले भर के प्रत्येक गांव में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था नही शुरू हुई तो समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ता गांव गांव धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला जल निगम कार्यालय का नारेबाजी कर घेराव किया। मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता रामेश्वर निराला ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। वार्ता के क्रम में पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने बताया कि ग्राम उदहिन बुजुर्ग, जगन्नाथपुर, उदहिन खुर्द, जवई पडरी, बंबूपुर, तुलसीपुर, गंभीरा पूर्व, खनवरी जियापुर कैनी जुवरा मानपुर गौरा आदि समेत जिले के तमाम गांवों में पेयजल की समस्याओं से लोग परेशान हैं और कोई समाधान नहीं हो रहा है। आगे कहा कि जनहित की उपेक्षा कत्तई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इसके बाद अधिशासी अभियंता जल निगम को संबोधित एक पांच सूत्रीय ज्ञापन सहायक अभियंता रामेश्वर निराला को पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी और पार्टी कार्यजेताओं ने सौपा।
सौंपे गए ज्ञापन में उपरोक्त सभी गांवो समेत जिले के तमाम गांवों में जल्द ही पेयजल की समुचित आपूर्ति शुरू किए जाने, कई गांवों में अधूरी जलापुर्ति की समस्या का निराकरण करने, कटरा मोंगरी की जल निगम टंकी का निर्माण पूर्ण कराने, गांव गांव पाइप बिछाने के नाम पर खराब किए गए मार्गों को दुरुस्त कराने, आधी अधूरी पाइप लाइन बिछाई गई ग्राम पंचायतो में सर्वे कराकर दुबारा गांव के सभी आवासीय क्षेत्रों तक पाइप लाइन बिछवाने जैसी मांगे शामिल थीं। ज्ञापन स्वीकार करते हुए सहायक अभियंता रामेश्वर निराला ने सभी बिंदुओं पर समुचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर पार्टी नेता अजय सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी, जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, जिला संगठन मंत्री रामकृष्ण तिवारी, सत्येंद्र तिवारी, बिंदा प्रसाद व्यास जी, महंत मास्टर साहब, भगवान दास वर्मा, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।








