मेडिकल कॉलेज में दो दिनों में 22 मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन,प्रधानाचार्य के कुशल नेतृत्व एवं सुनियोजित रणनीति में बुजुर्ग महिला-पुरुष मरीजों को मिली नई रोशनी

कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में दो दिनों में 22 मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन,प्रधानाचार्य के कुशल नेतृत्व एवं सुनियोजित रणनीति में बुजुर्ग महिला-पुरुष मरीजों को मिली नई रोशनी,

यूपी के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में नेत्र चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए दो दिनों में 22 मरीजों के मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन किए गए। ऑपरेशन के बाद मरीजों को चश्मे भी वितरित किए गए। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस सफल अभियान के पीछे मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व, प्रभावी सुपरविजन एवं सुनियोजित रणनीति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में नेत्र चिकित्सा विभाग, ऑपरेशन थिएटर एवं सहयोगी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। इसी सुव्यवस्थित कार्ययोजना और टीम भावना के परिणामस्वरूप दो दिनों में 22 मरीजों के ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

ऑपरेशन करने वाली चिकित्सकीय टीम में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत यादव, डॉ. मधुला रंजन एवं डॉ. अनूप कुमार सिंह तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट सुभाष चंद्र पांडेय शामिल रहे। इनके साथ ओटी स्टाफ एवं सुमन ने भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सहयोग किया।

इस अभियान में जनपद के आसपास की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों एवं गांवों के बुजुर्ग महिला एवं पुरुष मरीजों ने भाग लिया। उपलब्ध ओटी सूची के अनुसार मरीजों की आयु 55 से 76 वर्ष के बीच थी। इनमें महिलाएं एवं पुरुष दोनों शामिल थे। सभी मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत बिना किसी आर्थिक खर्च के गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

इस अभियान के दौरान कुछ मरीजों के अनुभव विशेष रूप से प्रेरणादायक रहे। एक महिला की एक आंख बचपन से ही खराब थी। दूसरी आंख में मोतियाबिंद होने के कारण उसकी दृष्टि भी पूरी तरह चली गई थी। सफल ऑपरेशन के बाद उसकी दृष्टि वापस आने से उसके जीवन में फिर से रोशनी लौट आई। यह उसके और उसके परिवार के लिए अत्यंत खुशी का क्षण था।

इसी प्रकार एक अन्य महिला लंबे समय से आर्थराइटिस की समस्या से पीड़ित थी और इसके उपचार के लिए स्टेरॉयड दवाओं का सेवन कर रही थी। उसे मोतियाबिंद की समस्या हो गई थी। उसने भी मेडिकल कॉलेज में अपना ऑपरेशन कराया और सफल उपचार के बाद बेहद प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अभियान की एक विशेष बात यह भी रही कि कुछ मरीजों के पिता एवं अन्य परिजनों ने पहले मेडिकल कॉलेज कौशांबी में अपने मोतियाबिंद के ऑपरेशन कराए थे। यहां की बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और अच्छे अनुभवों से प्रभावित होकर परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इसी मेडिकल कॉलेज में अपना ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया। यह मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। ऑपरेशन कराने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों की कार्यकुशलता, ऑपरेशन की गुणवत्ता, मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों ने बताया कि उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने ही जनपद में उपलब्ध हुई।

प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने पूरी चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगी कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक ही आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।

दो दिनों में 22 सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन की यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज कौशांबी के बेहतर प्रबंधन, प्रधानाचार्य के कुशल नेतृत्व, चिकित्सकों की दक्षता एवं पूरी टीम के समर्पण का उदाहरण है। इस अभियान ने न केवल मरीजों के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य किया, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत किया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor