कौशाम्बी: मेडिकल कॉलेज में एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन,
यूपी के कौशाम्बी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शुक्रवार को एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम वन हेल्थ वन ऐक्शन, प्रवेन्ट ए0एम0आर0 रही।
कार्यक्रम का आयोजन माइक्रोबायोलॉजी एवं फार्माकोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे के प्रति चिकित्सा विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं आम जनमानस को जागरूक करना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) हरिओम कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों, एम0बी0बी0एस0 प्रथम द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों तथा अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा ए0एम0आर0 विषय पर पोस्टर प्रस्तुति एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकालकर एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग, बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक सेवन तथा अधूरे एंटीबायोटिक कोर्स के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस केवल मानव स्वास्थ्य तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि पशु स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से भी जुड़ी हुई है। इसलिए ए0एम0आर0 की रोकथाम के लिए एक हेल्थ दृष्टिकोण अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करें तथा इनके जिम्मेदार उपयोग से भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रभावी एंटीमाइक्रोबियल दवाओं को सुरक्षित रखें। महाविद्यालय में 18 से 24 नवंबर तक एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम मे डीन एकेडमिक, डा0 शारदा सिंह, सह-आचार्य, डा0 अरिन्दम् चक्रवर्ती, डा0 रविरंजन सिंह, डा0 विकास कुमार, सहायक आचार्य, डा0 आत्मिक सिंह, डा0 धर्मेन्द्र मिश्रा, डा0 संतोष कुमार, डा0 प्रतिमा त्रिपाठी, डा0 संदीप कुमार, डा0 नन्दिनी राघव, एवं अन्य संकाय सदस्य, सीनियर रेजीडेन्ट डा0 नसरीन फातिमा, जूनियर रेजीडेन्ट डा0 प्रशान्त, डा0 विवेक, डा0 सत्यम त्रिपाठी, डा0 विश्जीत कुमार, डा0 मो0 जुबैर इन्टर्न, व एम0बी0बी0एस0 प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्र छात्राऐ उपस्थित रहे।








