भरवारी में अलग-अलग ट्रेन हादसों में तीन लोगों की मौत, दो की शिनाख्त, एक अज्ञात

कौशाम्बी: भरवारी में अलग-अलग ट्रेन हादसों में तीन लोगों की मौत, दो की शिनाख्त, एक अज्ञात,

यूपी के कौशाम्बी जिले में शुक्रवार को कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी रेलवे स्टेशन के आसपास सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग ट्रेन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। दो मृतकों की शिनाख्त हो गई है, जबकि एक शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहली घटना कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी के नौडिया गांव के पास की है जहा सुबह करीब 7 बजे बिदनपुर-भरवारी के बीच एक युवक का शव रेलवे पटरी पर पड़ा होने की सूचना रेलवे पुलिस को मिली।सूचना पर आरपीएफ पुलिस व रेलवे का इंजीनियरिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा। शव के बगल में पड़े बैग में मिले आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान राजू कुमार (27) पुत्र राम गुलाम, निवासी ग्राम रतगहा रसूलपुर, थाना चरवा के रूप में हुई।इसकी सूचना रेलवे पुलिस ने परिजनों को दी,सूचना कर पहुंचे परिजनों बेलने बताया कि वह दिल्ली से बीती रात गांव आने के लिए ट्रेन में बैठा था। सुबह उसका शव नौडिया गांव के समीप रेलवे पटरी पर मिला है। वह कैसे रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ मिला,इसकी जानकारी नहीं हो पाई,सूचना पर भरवारी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दूसरी घटना सुबह करीब 5 बजे की है, जहां भरवारी यार्ड के पास एक व्यक्ति का शव रेलवे पटरियों के बगल क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर आरपीएफ पुलिस व प्वाइंट्स मैन मौके पर पहुंचे। दिन निकलने के बाद जब लोगों की भीड़ पहुंची तो मृतक की पहचान मुन्ना (45) पुत्र स्व. बुदुन, निवासी ग्राम भरवारी गौरा दोराहा तालाब के पास के रूप में हुई।मृतक के बेटे ने बताया कि उनकी दिमागी हालत बीते कई महीनों से खराब थी, जिसके चलते वह अक्सर रात-रात भर घर से बाहर चले जाते थे। जीआरपी पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वही तीसरी घटना भरवारी अंडरपास निर्माण वाली जगह पर शाम करीब 5 बजे हुई, जहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव रेलवे पटरियों के बगल में मिला। शव की स्थिति के अनुसार वह मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा था। पुलिस के अनुसार शव के कपड़ों की तलाशी के दौरान कोई कागजात नहीं मिलने से शिनाख्त नहीं हो पाई है। भरवारी चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक ही दिन में तीन हादसों से क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor