कौशाम्बी: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 21, 22, 28 एवं 29 नवम्बर विशेष अभियान की तिथिया निर्धारित,
यूपी के कौशाम्बी उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 21 नवम्बर 2026 (शनिवार), 22 नवम्बर 2026 (रविवार), 28 नवम्बर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 भरकर सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी एवं पदाभिहित अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे एवं डुप्लीकेट/मृतक मतदाताओं के नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा निर्वाचक नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन करने/मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन/दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन करने/निवास परिवर्तन हो जाने के सम्बन्ध में एवं निवास परिवर्तन हेतु फार्म-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी/पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने अथवा किसी प्रकार की प्रविष्टि में संशोधन के लिए ऑनलाइन माध्यम से आयोग के ऐप ECINET मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://voters-eci-gov-in के माध्यम से भी फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 सबमिट किए जा सकते हैं। इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए जनपद स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (DCC) के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित विशेष अभियान दिवसों में अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें तथा आवश्यकतानुसार अपना नाम सम्मिलित कराने एवं त्रुटियों का संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहें।








