डीएम डॉ अमित पाल ने जनपदवासियों से की लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और सहयोग करने की अपील

कौशाम्बी: डीएम डॉ अमित पाल ने जनपदवासियों से की लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और सहयोग करने की अपील,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ अमित पाल ने जनपदवासियों से लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने और सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में आपकी सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट एवं तहसील परिसर में ईवीएम और वीवीपैट के व्यापक प्रदर्शन और जन-जागरूकता अभियान का संचालन दिनांक 20 नवंबर 2026 से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले के समस्त नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से यह विनम्र अपील करता हूं कि अपने नजदीकी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर जाकर स्वयं मशीन का बटन दबाकर मॉक वोट डालकर मतदान की सरल और सुरक्षित प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करें। मतदान के पश्चात वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर सात सेकंड तक दिखने वाली पर्ची के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि आपका मत आपके द्वारा चुने गए अभ्यर्थी को ही गया है। ईवीएम और वीवीपैट पूर्णतः सुरक्षित और छेड़छाड़ रहित है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वयं मशीन की कार्यप्रणाली को समझकर अपनी सभी शंकाओं का समाधान करें। स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और मित्रों को भी इस जागरूकता अभियान के साथ जोड़ने के लिए प्रेरित करें।

“आइए, हम सभी मिलकर अपनी मतदान प्रक्रिया को भली-भांति समझें और आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएं।”

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor