कौशाम्बी: रिजवी कॉलेज में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति,अनुशासन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन,
यूपी के कौशाम्बी जिले के डॉ. रिजवी स्प्रिंगफील्ड स्कूल करारी में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्रार हुसैन, सचिव, डॉ. ए.एच. रिजवी एजुकेशनल ट्रस्ट, करारी, कौशाम्बी रहे।
समारोह के प्रारंभ में विद्यालय के हेड बॉय अर्पित गुप्ता एवं हेड गर्ल ज्योति मिश्रा, स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टन, कल्चरल सेक्रेटरी तथा NCC कैडेट्स ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें ध्वजारोहण स्थल तक सम्मानपूर्वक ले गए।
ध्वजारोहण समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. ए.एच. रिजवी पी.जी. कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. साकिब तौफीक, डॉ. रिजवी कॉलेज ऑफ लॉ के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद जफर, डॉ. रिजवी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक प्रो. डॉ. अनीस अफजल, बी.एड. विभाग के एचओडी डॉ. राजेश सक्सेना सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात NCC कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को शानदार सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना प्रदर्शित की।
ध्वजारोहण एवं NCC कैडेट्स द्वारा सलामी के बाद मुख्य अतिथि कर्रार हुसैन ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और शिक्षा को अपने जीवन की प्राथमिकता बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके ज्ञान, अनुशासन, संस्कार एवं सकारात्मक सोच से राष्ट्र को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार एवं सांस्कृतिक सचिव मोहम्मद आरिफ ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम तथा विद्यार्थियों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने नृत्य शिक्षिका नैनिका के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों की वेशभूषा एवं भाव-भंगिमाओं के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी। प्राथमिक एवं जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शहीद भगत सिंह के जीवन एवं देशभक्ति पर आधारित नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से भगत सिंह के साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम को जीवंत कर दिया। प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
अंत में विद्यालय के सांस्कृतिक सचिव मोहम्मद आरिफ ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रगान के साथ हुआ।
पूरे समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संदेश दिया।








