कौशाम्बी: अन्तर्राज्यीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण के लिए 82 किसानों का दल रवाना,उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती एवं कृषि विविधीकरण की नवीनतम जानकारी प्राप्त करेंगे किसान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा व पोषण मिशन योजनान्तर्गत जनपद के 82 किसानों के दल को अन्तर्राज्यीय प्रशिक्षण/भ्रमण के लिए शुक्रवार को अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने कलेक्ट्रेट परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसान जवाहरलाल नेहरू कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट तथा भारतीय खरपतवार अनुसंधान संस्थान, अधारताल, जबलपुर का भ्रमण करेंगे।
इस दौरान किसानों को खरीफ फसलों के उत्पादन में उन्नतशील प्रजातियों के प्रयोग, भूमि शोधन, बीज शोधन, जैव उर्वरकों के प्रयोग तथा फसल सुरक्षा की आधुनिक तकनीकों के संबंध में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी।
भ्रमण के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने, फसल अवशेष प्रबंधन तथा कृषि विविधीकरण के संबंध में भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बागवानी, मशरूम उत्पादन, पशुपालन, बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन एवं मत्स्य पालन जैसी कृषि आधारित गतिविधियों में अपनाई जा रही नवीनतम तकनीकों से भी किसान रूबरू होंगे।
इस प्रशिक्षण एवं भ्रमण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ते हुए उनकी उत्पादन क्षमता एवं आय में वृद्धि के लिए उपयोगी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत किसान जनपद वापस आकर अपने-अपने ग्रामों तथा आसपास के अन्य कृषकों के बीच प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त नवीन तकनीकी जानकारी एवं कृषि पद्धतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे, जिससे अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सतेन्द्र कुमार तिवारी सहित कृषि विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








