कौशाम्बी: आरक्षण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी आजाद समाज पार्टी,चित्तापुर के किसानों की बदहाली की भी उठाई आवाज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में आरक्षण में प्रभावी भागीदारी और वंचित वर्गों के अधिकारों समेत चायल तहसील के चित्तापुर गांव के किसानों की मूलभूत समस्याओं को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी ने गुरुवार को मंझनपुर में धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तनवीरूल हसन की अध्यक्षता में कार्यकर्ता डायट मैदान में जुटे। यहां से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित 24 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा।
प्रयागराज मंडल प्रभारी आकिब जफर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, राजनीति और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने आरक्षित पदों के बैकलॉग को तत्काल भरने, जाति जनगणना में ओबीसी का अलग आंकड़ा जुटाने, सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण लागू करने और उच्च न्यायपालिका में वंचित वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने समेत 24 मांगें उठाईं।
आकिब जफर ने डीएम को अलग ज्ञापन देकर चायल तहसील के चित्तापुर गांव के किसानों की समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि गांव में कई किसान आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को शौचालय की सुविधा तक नहीं मिली है, जिसके कारण लोगों को खुले में शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय बताते हुए पात्र परिवारों को पक्के आवास और शौचालय उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, एससी-एसटी-ओबीसी को राजनीतिक प्रतिनिधित्व, निजी क्षेत्र और मीडिया में भागीदारी, सफाईकर्मियों की स्थायी नियुक्ति, सीवर सफाई में मानव प्रवेश पर पूरी तरह रोक और सफाईकर्मी की मौत पर मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने समेत अन्य मांगें भी उठाईं।
इस मौके पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता गौतम, जिला उपाध्यक्ष उदित राज एडवोकेट, महामंत्री संतोष बाल्मीकि, राज खेमा, शनि आजाद, पंकज मौर्य, अरविंद मौर्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








