बारिश और बाढ़ से फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन,सौंपा ज्ञापन

कौशाम्बी: बारिश और बाढ़ से फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन,सौंपा ज्ञापन,

यूपी के कौशाम्बी जिले के विकासखंड सिराथू की ग्राम पंचायत सेलरहा पश्चिम में तेज आंधी, बारिश और ससुर खदेरी नदी की बाढ़ से किसानों की फसलें प्रभावित हुई है। फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर दर्जनों किसानों ने किसान मनोज कुमार के नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में किसानों ने मांग की कि बाढ़ और बारिश से खराब हुई फसलों का राजस्व विभाग की टीम से दोबारा सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल सके। किसानों ने बटाई पर खेती करने वाले किसानों को आधार के माध्यम से कम से कम दो बोरी खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

इसके अलावा किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का शत-प्रतिशत सर्वे कराकर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने, खतौनी में गलत दर्ज नामों को तत्काल सही कराने तथा समय से खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

किसानों का कहना है कि फसलें खराब होने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। ऐसे में उन्होंने फसल नुकसान को देखते हुए ऋण माफी जैसी योजना लागू करने अथवा कृषि ऋण की वसूली पर रोक लगाने की मांग भी उठाई है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ, सूचना विभाग और राजस्व विभाग लखनऊ को भी भेजी गई है। इस दौरान ग्राम प्रधान लवलेश यादव समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor