कौशाम्बी: NHM संविदा कर्मचारियों के धरने का तीसरा दिन: गर्भवती ANM भी हुईं शामिल,12 अक्टूबर को लखनऊ कूच का ऐलान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित डायट मैदान में चल रहे तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन के अंतिम दिन कर्मचारियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों की एकजुटता के बीच एक गर्भवती ANM की सहभागिता विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने भी धरने में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती प्रदान की।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी ने सभी कर्मचारियों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सरकार पर पूरा भरोसा जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी एकजुट रहें और अनुशासन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखें।
धरने के दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। कर्मचारियों ने 12 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में भाग लेने का संकल्प लिया। संगठन ने सभी कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
गौरतलब है कि धरने के दूसरे दिन जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने भी डायट मैदान पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों को सुना था और उनके समर्थन में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया था।
तीसरे दिन के धरने में अवनीश मिश्रा, रोहिणी त्रिपाठी, संतोष, फौजिया, मधु, माथुर, जितेंद्र परमार, सिवनी, डॉ. सदैय्या, डॉ. निकहत, शिवप्रताप, सिबली राजा और प्रदीप सिंह सहित लगभग 400 NHM संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में राष्ट्रगान के साथ तीन दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन संपन्न हुआ। कर्मचारियों ने एकजुटता बनाए रखते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई को प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।








