कौशाम्बी: कौशाम्बी में धान खरीद केंद्रों पर किसानों की फसल बनी मुसीबत, 15 दिनों से तौल का इंतजार,अधिकारी खरीद में कर रहे आनाकानी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में धान खरीद केंद्रों पर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। धान बेचने के लिए किसान मंडी में कई दिनों से डेरा डाले हुए हैं, लेकिन आरोप है कि उनकी उपज की तौल नहीं की जा रही है। किसानों ने खरीद केंद्रों पर मनमानी, भेदभाव और अव्यवस्थाओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।
करारी थाना क्षेत्र के रहीमपुर मोलानी गांव निवासी अमन चंद्र निर्मल पुत्र लाल चंद्र का आरोप है कि उनकी 200 से अधिक बोरी धान करीब 15 दिनों से मंडी में पड़ी है, लेकिन अब तक तौल नहीं हुई। इतना ही नहीं, किसानों का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लेबर गाली-गलौज भी करते हैं।
वहीं मंझनपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी रवि कुमार पुत्र राम मिलावन का करीब 100 बोरी से अधिक धान 15 दिनों से तौल के इंतजार में पड़ा है। रवि का आरोप है कि छोटे किसानों की उपज की तौल नहीं हो रही, जबकि बड़े किसानों का धान प्राथमिकता से तौला जा रहा है।
इसी गांव के संदीप पुत्र फूल चंद्र ने आरोप लगाया कि उनका 150 बोरी से अधिक धान एक अक्टूबर से मंडी में पड़ा है, लेकिन अब तक तौल नहीं की गई। संदीप ने स्थानीय बिचौलियों पर 100 रुपये प्रति कुंतल दलाली मांगने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी धान खरीद केंद्रों पर किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इतने दिनों तक इंतजार क्यों करना पड़ रहा है? यदि दलाली और भेदभाव के आरोप सही हैं तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी? किसानों ने प्रशासन से तत्काल धान की तौल कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।








