भरवारी के ND कालोनी दुर्गा पूजा पंडाल में रामकथा की धूम, भगवान राम की बाल लीलाओं का वर्णन सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

कौशाम्बी: भरवारी के ND कालोनी दुर्गा पूजा पंडाल में रामकथा की धूम, भगवान राम की बाल लीलाओं का वर्णन सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद भरवारी के एनडी कॉलोनी स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के पांचवें दिन श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथावाचक अतुल कृष्ण भार्गव जी महाराज ने भगवान श्रीराम के बाल्यकाल और उनकी मनमोहक लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

अतुल कृष्ण भार्गव जी महाराज ने भगवान श्रीराम के स्वरूप और जनकपुर की सखियों के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के मनमोहक स्वरूप को देखकर जनकपुर की सखियां मोहित हो गईं और अपनी सुध-बुध खो बैठीं। उन्होंने कहा कि जब तक मनुष्य भगवान के दिव्य स्वरूप का दर्शन नहीं करता, तब तक उसका मन संसार में ही उलझा रहता है। प्रभु के दर्शन और भक्ति से मनुष्य को सच्चे आनंद की अनुभूति होती है।

कथा के दौरान महाराज जी ने माता सीता और भगवान श्रीराम के विवाह की कामना से जुड़े प्रसंग को भी विस्तार से सुनाया। उन्होंने माता लक्ष्मी और भगवान नारायण के संबंध का उल्लेख करते हुए बताया कि माता लक्ष्मी सदैव भगवान नारायण की अर्धांगिनी हैं। इसके साथ ही उन्होंने सुंदर पुष्प वाटिका प्रसंग का वर्णन किया, जिसमें भगवान श्रीराम पुष्प लेने के लिए वाटिका जाते हैं। महाराज जी की भावपूर्ण वाणी और कथा के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कथा के समापन पर आयोजन समिति के सदस्यों ने भगवान की आरती उतारी और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष राम प्रकाश मिश्रा, संजय तिवारी, हरि प्रसाद पांडेय, राजेश सिंह गौतम, सिद्धार्थ दुबे, मनीष तिवारी, रामलखन केसरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor