भवंस मेहता विद्याश्रम में तीन दिवसीय केंद्रीय पर्यवेक्षण संपन्न, विद्यार्थियों और व्यवस्थाओं की हुई सराहना

कौशाम्बी: भवंस मेहता विद्याश्रम में तीन दिवसीय केंद्रीय पर्यवेक्षण संपन्न, विद्यार्थियों और व्यवस्थाओं की हुई सराहना,

यूपी के कौशाम्बी जिले के भवंस मेहता विद्याश्रम भरवारी में विगत तीन दिनों से चल रहा गहन केंद्रीय पर्यवेक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस निरीक्षण कार्यक्रम के तहत शिक्षण भारती, मुंबई से पधारे शिक्षा अधिकारी मदन राव, भवंस मेहता महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेंद्र कुमार उपाध्याय तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष कुमार ने विद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया।

तीन दिवसीय दौरे के दौरान पर्यवेक्षक टीम ने प्रत्येक कक्षा में जाकर शिक्षकों के अध्यापन कार्य और शिक्षण पद्धतियों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रार्थना सभा में शामिल हुए शिक्षा अधिकारी मदन राव कक्षा 2 के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई प्रार्थना से अत्यंत प्रभावित और मंत्रमुग्ध नजर आए।उन्होंने छात्रों के लयबद्ध उच्चारण और अनुशासन की मुक्त कंठ से सराहना की।

इसके अतिरिक्त, टीम ने विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं (लैब्स), स्टॉक रजिस्टरों तथा प्रशासनिक कार्यालय के अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल की।

समापन के अवसर पर विद्यालय के निदेशक संदीप सक्सेना ने पर्यवेक्षक टीम के सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं प्रधानाचार्य जी. बलैया उप-प्रधानाचार्य सुधाकर सिंह एवं स्कूल समन्वयक मो0नसीम ,अवधेश मिश्रा ने पूरे समय साथ रहकर पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन और सूक्ष्म अवलोकन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor