कौशाम्बी: मल्हीपुर घाट पर यमुना नदी से खनन के वायरल वीडियो से मचा हड़कंप,जांच को पहुंची विभागीय टीम,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सराय अकिल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर स्थित यमुना घाट पर अवैध बालू खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खनन विभाग में हलचल मच गई। वीडियो के माध्यम से निर्धारित खनन क्षेत्र से बाहर पोकलैंड मशीनों से बालू निकालने के आरोप लगाए गए। मामला संज्ञान में आने के बाद खान निरीक्षक शत्रुघ्न तहसील प्रशासन और पुलिस टीम के साथ घाट पर पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, मल्हीपुर क्षेत्र में कुंवर दिनेश सिंह के नाम बालू खनन का पट्टा आवंटित है। वायरल वीडियो को लेकर आरोप लगाया गया कि निर्धारित खनन क्षेत्र से दूर यमुना नदी में मशीनों के जरिए बालू निकाली जा रही है। इससे खनन पट्टे की निर्धारित सीमा के पालन को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले में खान निरीक्षक शत्रुघ्न ने बताया कि पट्टाधारक अपने आवंटित खनन खंड तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार करा रहा है। अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। विभाग के अनुसार, मौके पर रास्ता बनाने का कार्य पाया गया और खनन आवंटित पट्टा क्षेत्र के अंदर किया जा रहा है।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों और खनन की निर्धारित सीमा को लेकर जांच के विस्तृत निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच रिपोर्ट और संबंधित अभिलेखों से स्पष्ट होगी।








