कौशाम्बी: कौशाम्बी में सोफे पर सो रही मासूम की आग से जलकर मौत,
यूपी के कौशाम्बी ज़िले में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां सोफे पर सो रही महज तीन महीने की मासूम शिवांशी की आग से जलकर मौत हो गई। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसके चाचा भी झुलस गए। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना चरवा थाना क्षेत्र के बेरुवा गाँव की है। जहा तीन महीने की शिवांशी सोफे पर सो रही थी। इसी दौरान कमरे में आग लग गई। बच्ची की मां नेहा देवी कमरे में पहुंचीं तो मासूम को आग की लपटों से घिरा देखकर चीखने लगीं। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बच्ची को बाहर निकाला।
मासूम को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आग में कमरे का सामान भी जलकर राख हो गया। बच्ची को बचाने के दौरान उसके चाचा विनोद भी झुलस गए।
जिस घर में तीन महीने पहले बेटी की किलकारियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा है। इकलौती बेटी को खोने के बाद माता-पिता और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।








