मथुरा: तीन दिवसीय शरद महोत्सव में संत ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में अनुयायियों पर बरसी कृष्ण कृपा,श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह भी पहुंचे,
उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कृपा धाम में संत गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से आए भक्तों पर खूब श्रीकृष्ण कृपा बरसी।
समापन सत्र में श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण को इस केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने हजारों भक्तों के समक्ष रखा। मंच से उन्होंने ऐलान भी किया कि मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः भगवान श्रीकृष्ण का भव्य-दिव्य मंदिर निर्माण होकर रहेगा। इसके लिए वह न्यायालय से लेकर हिंदुओं के बीच जाकर जनसमर्थन जुटाने का कार्य कर रहे हैं, ताकि 1670 में औरंगजेब द्वारा मंदिर तोड़कर मस्जिद का निर्माण कराए जाने से जुड़े इतिहास के इस अध्याय को मिटाया जा सके।
हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने सनातन को नष्ट करने के लिए हमारे सांस्कृतिक केंद्रों को निशाना बनाया। वहीं, साधु-संतों ने सनातन को जीवित रखने के लिए अपना बलिदान दिया। हमारे पूर्वज भी इन लुटेरों के जुल्म और अत्याचार का शिकार बने। अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ, इस बात को दुनिया जानती है। जिस स्थान पर भगवान का प्राकट्य हुआ, वहां बने भव्य मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाए जाने के संबंध में हमारे पास पुख्ता प्रमाण हैं, जिन्हें हमने हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपनी जीत का विश्वास भी जताया।
इस दौरान उन्होंने भक्तों से सवाल किया कि क्या वे मूल गर्भगृह स्थल पर पुनः भव्य-दिव्य मंदिर का निर्माण होते देखना चाहते हैं? इस पर भक्तों ने हाथ उठाकर समर्थन जताया। श्रीकृष्ण कृपा परिवार ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट की अगुवाई में चल रहे आंदोलन का समर्थन किया।
इससे पहले महेंद्र प्रताप सिंह ने गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज का स्वागत कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर भानुपीठ के पीठाधीश्वर , संत विवेक मुनि, भगवताचार्य संजीव कृष्ण शास्त्री, वासुदेव कृष्ण शास्त्री, पूर्णिमा दीदी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, फिल्म डायरेक्टर विजय पाल सिंह और मनोज चौधरी भी मौजूद रहे।
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 26 अक्टूबर, सोमवार को शाम छह बजे वृंदावन में ‘घर-घर संकल्प दीप जलाओ, श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराओ’ अभियान के अंतर्गत संकल्प दीप ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा प्रेम मंदिर से प्रारंभ होकर इस्कॉन मंदिर तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में प्रमुख संत-महात्मा शामिल होंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने श्रद्धालुओं से अभियान में भाग लेने और घर-घर संकल्प दीप जलाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया है।








