कौशाम्बी: रिजवी कॉलेज करारी की खिलाड़ी प्रियंका निर्मल का SGFI क्रिकेट नेशनल चैंपियनशिप कैंप के लिए चयन,कॉलेज परिवार में हर्ष का माहौल,
यूपी के कौशाम्बी जिले के डॉ. रिज़वी स्प्रिंगफील्ड स्कूल करारी की प्रतिभाशाली छात्रा प्रियंका निर्मल का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) क्रिकेट नेशनल चैंपियनशिप कैंप 2026 के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
क्रिकेट खिलाड़ी छात्रा की इस शानदार सफलता पर कॉलेज के प्रबंधक कर्रार हुसैन ने प्रियंका निर्मल को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कॉलेज के खेल शिक्षक के प्रयासों, मार्गदर्शन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने भी प्रियंका निर्मल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका की सफलता उसके कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानाचार्य ने प्रियंका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेगी।
कॉलेज प्रबंधन ने खेल शिक्षक और छात्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रियंका की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
अंत में कॉलेज परिवार ने प्रियंका निर्मल को भविष्य की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।








