कौशाम्बी: एस.एन. कॉन्वेंट स्कूल में दिवाली पर रंगोली व दिया प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भरवारी स्थित एस.एन. कॉन्वेंट स्कूल एवं एस.एन. प्ले स्कूल में दिवाली के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं द्वारा “दिया और रंगोली निर्माण ” प्रतियोगिता का भव्य रूप से आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की सुंदर-सुंदर रंगोलियां बनाईं। साथ ही रंग-बिरंगे दिए व थाली भी छात्र-छात्राओं द्वारा बनाकर विद्यालय में प्रस्तुत किए गए। पूरे विद्यालय परिसर में दिवाली की रौनक और उत्साह का माहौल रहा।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं के समूह सिमरन, ममता, साक्षी सिदरा, शिवानी केसरवानी व साक्षी श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।वहीं दूसरी ओर दिया थाली प्रतियोगिता में अस्मिता (1) ने प्रथम स्थान तथा मरियम सिद्दीकी (2) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय की प्रधानाचार्या की तरफ से पुरस्कार वितरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक नौशाद अहमद ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक है, जो जीवन से अंधकार, अज्ञानता को दूर कर ज्ञान और सच्चाई का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है।इस दौरान विद्यालय के समस्त अध्यापक मौजूद रहे।








