राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान ने अखिलेश यादव पर किया पलटवार, बोलीं – न भागवत रुकेंगी, न कथाएं

कौशाम्बी: राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान ने अखिलेश यादव पर किया पलटवार, बोलीं – न भागवत रुकेंगी, न कथाएं,

यूपी के कौशाम्बी पहुंची उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार की सुबह सर्वप्रथम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, अन्नप्राशन और कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुईं। विकास भवन स्थित सरस हाल में जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस दौरान कुंडा में चल रही रामकथा को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने करारा पलटवार किया।डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि कथा और भागवत हमारी संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा हैं। ये हमारी संस्कृति को बचाने का काम करते हैं। इनके माध्यम से बच्चों में नए संस्कार और नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्हें अपने धर्म और संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में कथाओं और भागवत की परंपरा सदियों से चली आ रही है। आज उत्तर प्रदेश में ही 100 से 200 स्थानों पर कथाएं हो रही होंगी। ऐसे में केवल कुंडा को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है? सपा प्रमुख कुछ भी कहें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। न तो भागवत रुकेगी और न ही कथाएं बंद होंगी।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में अपने परिवार के साथ जरूर पहुंचें और विशेष रूप से बच्चों को लेकर आएं, ताकि उनमें भारतीय संस्कृति और संस्कारों के प्रति समझ विकसित हो।

उन्होंने महिलाओं की स्थिति और सुरक्षा को लेकर अखिलेश यादव के सवालों पर जवाब देते हुए आयोग अध्यक्ष ने कहा कि सपा प्रमुख को वर्ष 2017 से पहले का गणित देखना चाहिए। आज महिलाओं में इतनी हिम्मत आई है कि वे अपनी शिकायत लेकर थाने और महिला आयोग तक पहुंच रही हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 2017 से पहले महिलाओं को घर से निकलने और अपनी शिकायत दर्ज कराने की इतनी स्वतंत्रता थी? उस समय महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचारों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इसके लिए प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं है।

पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने बताया कि 2024 में जब वह अध्यक्ष बनी तो उनको लगभग एक लाख मामले पेंडिंग मिले थे,जिन्हें 6 महीने में उन्होंने निपटा दिए,आज एक भी मामले पेंडिंग नहीं है,वही उन्होंने 2017 से 2024 में बीच में एक एक लाख मामले पेंडिंग होने के सवाल पर बताया कि पिछले अध्यक्ष के कार्यकाल में मामले पेंडिंग क्यों नहीं निपटाए गए यह कार्य में कोताही ही मानी जाएगी।

इस दौरान राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा,सीओ अरुण शुक्ला,सीएमओ डॉ0 संजय कुमार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor