पुरानी पेंशन बहाली व TET छूट समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गरजा प्राथमिक शिक्षक संघ, सीएम को संबोधित डीएम को सौंपा ज्ञापन

कौशाम्बी: पुरानी पेंशन बहाली व TET छूट समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर गरजा प्राथमिक शिक्षक संघ, सीएम को संबोधित डीएम को सौंपा ज्ञापन,

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद कौशाम्बी के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन डीएम कौशाम्बी को सौंपा गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दिए जाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ सदैव शिक्षक समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहा है।

प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रमुख 12 मांगें –

1. 01 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए एनपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल की जाए और 01 अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित शिक्षकों को भी इसका लाभ दिया जाए।

2. सुप्रीम कोर्ट के 01 सितंबर 2025 के आदेश के पूर्वगामी प्रभाव को समाप्त करने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए, ताकि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की बाध्यता से मुक्त रखा जा सके।

3. सभी शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की एसटीएफ से जांच कराने के आदेश को शिक्षकों का शोषण बताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा उच्च न्यायालय के आदेश के विरुद्ध खंडपीठ में अपील की जाए।

4. प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति की जाए।

5.टीजीटी भर्ती की तर्ज पर बेसिक शिक्षकों की पदोन्नति में भी गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को अवसर दिया जाए।

6. वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स की परीक्षा से 50 प्रतिशत न्यूनतम उत्तीर्ण अंक की बाध्यता समाप्त की जाए।

7. विशेष श्रेणी के शिक्षकों की लंबित अंतर्जनपदीय स्थानांतरण सूची शीघ्र जारी की जाए।

8. आगामी शीतकालीन अवकाश में अंतर्जनपदीय, अंतःजनपदीय व पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी की जाए।

9. 12 वर्ष की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान दिया जाए।

10. योग्य मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्त किया जाए।

11. प्रत्येक विद्यालय परिसर में चतुर्थ श्रेणी / सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की जाए।

12. शिक्षकों को द्वितीय शनिवार व उपार्जित अवकाश दिया जाए।

जिलामंत्री रामबाबू दिवाकर ने कहा कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद कौशाम्बी शिक्षक हितों की रक्षा तथा शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। मंच का संचालन सुरेन्द्र कुमार और उनके सहयोगी प्रभात कुमार ने किया।

धरना-प्रदर्शन में ईश्वर शरण सिंह, सुरेश चंद्र, भोलानाथ चौधरी, अशोक द्विवेदी, डॉ. आलोक सोनी, प्रमोद सिंह, अरुण गोविल सिंह, रमेश सिंह, विनोद सिंह, अफरोज आलम, सुखलाल चौधरी, अतमम अली, जयनेन्द्र, भीम प्रकाश, अनुराग यादव, अवधेश, पंकज, फूल चंद्र, रवींद्र मिश्र आदि ने प्रतिभाग किया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor