कानपुर देहात: दवा से घबराएं नहीं, हल्का बुखार, उल्टी, चक्कर आना सामान्य,यह इस बात का संकेत कि शरीर में काम कर रही दवा,
यूपी के कानपुर देहात जिले में चल रहे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीएम) के तहत लोगों को दवा खिलाई जा रही है। इसी बीच कई जगहों से दवा खाने के बाद हल्की प्रतिक्रिया (एडीआर) की खबरें आ रही हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि दवा खाने के बाद हल्का बुखार, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी या शरीर में खुजली होना सामान्य है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह इस बात का संकेत है कि दवा शरीर में काम कर रही है।
मलासा ब्लॉक के कैलाइ गांव में पीएसपी सदस्य आशा बृजवाती देवी की टीम घर-घर दवा खिला रही थी। गांव के सूरज कुमार (40 ) व लाखन सिंह(17) ने भोजन के बाद टीम के सामने ही दवा खाई। दवा खाने के करीब 2 घंटे बाद उन्हें हल्का सिरदर्द, बदन में दर्द और हल्का बुखार महसूस हुआ। परिवार के लोग घबरा गए और सोचने लगे कि दवा के सेवन से यह समस्या हुई है। आशा बृजवाती ने तुरंत उन्हें समझाया कि यह एडीआर है, घबराने की बात नहीं है। उन्होंने सूरज कुमार को आराम कराया, खूब पानी और ओआरएस पिलाया और बुखार के लिए एक पैरासिटामोल दी। करीब 4 घंटे बाद उनका बुखार उतर गया और सिरदर्द भी ठीक हो गया। अगले दिन सुबह तक वह पूरी तरह ठीक थे और खेत पर काम पर भी चले गए। सूरज कुमार ने खुद कहा पहले डर लगा था, लेकिन आशा दीदी ने समझाया तो हिम्मत आई। अब मैं पूरे गांव से कहूंगा कि दवा से डरो मत, दवा खाओ।
जिला मलेरिया अधिकारी मारुति दीक्षित स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, फाइलेरिया की दवा डीईसी, अल्बेंडाजोल शरीर में छिपे हुए फाइलेरिया के परजीवी को मारती है। जब परजीवी मरते हैं, तो शरीर में कुछ देर के लिए प्रतिक्रिया होती है। इसी को एडीआर कहते हैं। यह प्रतिक्रिया उन लोगों में ज्यादा दिखती है जिनके शरीर में फाइलेरिया का संक्रमण पहले से होता है, लेकिन उन्हें पता नहीं होता। यह 24 से 48 घंटे में अपने आप ठीक हो जाती है। हल्का बुखार आना, सिरदर्द और बदन दर्द, चक्कर आना, जी मिचलाना, उल्टी या पेट में हल्का दर्द, शरीर में खुजली या हल्के दाने एडीआर के लक्षण होते हैं।
दवा खाने वाले व्यक्ति को एडीआर हो तो आराम कराएं।पर्याप्त पानी, ओआरएस, नींबू पानी पिलाएं,बुखार होने पर पैरासिटामोल दी जा सकती है । खाली पेट दवा न खिलाएं, दवा हमेशा भोजन के बाद ही खिलाई जा रही है।
अगर व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ, पूरे शरीर में तेज सूजन, लगातार उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसा लगे तो तुरंत नजदीकी पीएचसी/सीएचसी पर ले जाएं। हर ब्लॉक में इसके लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) तैनात है।








