विधानसभा 252-मंझनपुर की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

कौशाम्बी: विधानसभा 252-मंझनपुर की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित,

यूपी के कौशाम्बी जिले के विधानसभा 252-मंझनपुर (अ०जा०) की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में सोमवार को एसडीएम राज कुमार मौर्य की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया गया है। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।

अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए फार्म-8 भरकर 16 दिसंबर 2026 तक संबंधित बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी अथवा संबंधित कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

एसडीएम ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे प्रत्येक मतदान स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त कर उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में तहसीलदार श्याम नारायण तिवारी तथा रजिस्ट्रार कानूनगो मनीष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor