पुलिस ने किशोर की हत्या का 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा,संपत्ति के लालच में भाई ने ही अपनी पत्नी और ससुर के साथ मिलकर की थी छोटे भाई की हत्या,तीनों अरेस्ट

कौशाम्बी : पुलिस ने किशोर की हत्या का 24 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा,संपत्ति के लालच में भाई ने ही अपनी पत्नी और ससुर के साथ मिलकर की थी छोटे भाई की हत्या,तीनों अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले में सैनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़ियामई के बाहर तालाब के पास झाड़ियों में मिले किशोर के शव की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक किशोर छोटू के सगे बड़े भाई, भाभी और उसके ससुर को अरेस्ट किया है।

रविवार की सुबह सैनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मड़ियामई गांव के बाहर स्थित तालाब के पास झाड़ियों में एक किशोर का शव मिला था। मृतक की पहचान छोटू पुत्र स्वर्गीय राम लखन के रूप में हुई थी,छोटू को शनिवार की रात  उसकी भाभी निशा देवी अपने साथ शौच के लिए खेतों की तरफ लेकर गई थी, वहां से छोटू वापस नहीं लौटा था और छोटू का शव सुबह तालाब के पास मिला था।

किशोर की हत्या की सूचना पर पुलिस,फील्ड यूनिट,फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड एवं सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। स्थानीय पुलिस ने पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतक छोटू की मां श्यामकली द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु 03 टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

एसपी द्वारा गठित पुलिस टीमों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं सीडीआर की सहायता से तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के अनावरण का प्रयास किया जा रहा था। सर्विलांस एवं सीडीआर के गहन अवलोकन से प्राप्त पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक छोटू के सगे बड़े भाई राजेश्वर उर्फ टूल्ली पुत्र स्व0 रामलखन,उसकी पत्नी निशा देवी और भाई के ससुर कमलेश पुत्र शंकर निवासी ग्राम अम्बी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर को अरेस्ट कर लिया।जांच के दौरान अभियुक्तों के मध्य आपस में बातचीत होने तथा घटना से संबंधित समयावधि में तीनों की लोकेशन एक ही स्थान पर पाए जाने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि राजेश्वर रोजगार के सिलसिले में लुधियाना में रहता है। 20.11.2026 को वह लुधियाना से रवाना होकर अपनी ससुराल ग्राम अम्बी, जनपद फतेहपुर आया था। मृतक छोटू के नाम जमीन दर्ज होने के कारण उक्त जमीन को हड़पने के लालच में आरोपी राजेश्वर ने अपनी पत्नी निशा देवी एवं ससुर कमलेश के साथ मिलकर छोटू की हत्या की योजना बनाई।

योजना के अनुसार दिनांक 21/22.11.2026 की रात्रि में निशा देवी शौच जाने के बहाने छोटू को गांव के बाहर खेतों की तरफ ले गई, जहां सुनसान स्थान पर राजेश्वर एवं कमलेश पहले से मौजूद थे। वहां तीनों ने मिलकर गमछे से गला घोंटकर छोटू की हत्या कर दी तथा शव को तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया।घटना के बाद राजेश्वर एवं कमलेश वापस फतेहपुर चले गए। वहीं निशा देवी ने घर वापस आकर छोटू के लापता होने की सूचना दे दी, ताकि घटना को छिपाया जा सके।

सर्विलांस एवं सीडीआर के गहन अवलोकन से प्राप्त पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक छोटू के सगे बड़े भाई राजेश्वर उर्फ टूल्ली पुत्र स्व0 रामलखन,उसकी पत्नी निशा देवी और भाई के ससुर कमलेश पुत्र शंकर निवासी ग्राम अम्बी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर को अरेस्ट कर लिया और न्यायालय पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor