तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क पर गिरा अधेड़, पीछे से आई कार ने कुचला,अधेड़ की हुई मौत,सड़क पार करते समय हुआ हादसा, दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार

कौशाम्वी: तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क पर गिरा अधेड़, पीछे से आई कार ने कुचला,अधेड़ की हुई मौत,सड़क पार करते समय हुआ हादसा, दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार,

यूपी के कौशाम्बी जिले में शनिवार की शाम नेशनल हाईवे-19 पर दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। सड़क पार करते समय पहले एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के गुलामीपुर RKBK पेट्रोल पंप के पास की है जहा गनपा ग्रामसभा के चकिया निवासी रामसूरत पाल (52) पुत्र स्व. दयाराम शनिवार को सरसों का तेल पेराने के लिए भैरों मोड़ की तरफ गए थे। काम खत्म होने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामसूरत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी कार उन्हें कुचलते हुए निकल गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल रामसूरत को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor