कौशाम्बी: गंगा स्नान कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा ऑटो ई रिक्शा लोडर से टकराया,कई श्रद्धालु घायल,
यूपी के कौशाम्बी जिले में नवरात्रि के प्रथम दिन गंगा स्नान कर वापस घर जा रहे श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा ऑटो ई रिक्शा लोडर से टकरा गया। हादसे में दर्जन भर श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने हादसे की जानकारी एम्बुलेंस एवं इलाकाई पुलिस को दी पुलिस तो थोड़ी ही देर में पहुंच गई लेकिन घायलों के अस्पताल जाने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। हादसे की खबर घायलों के ग्राम प्रधान को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सरकारी जीप से एवं ग्राम प्रधान ने अपने वाहन से इलाज के लिए घायलों को अस्पताल लेकर गए।
घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के सयारा पुल के पास की है जहा सेलरहा पश्चिम गांव की सुनीता देवी, दिव्या देवी, आशा देवी एवं छोटी बच्ची शिवानी गंगा स्नान के लिए कड़ा की कुबरी घाट गए थे। उन्होंने धरमुहापुर गांव के ज्ञान सिंह का ऑटो रिक्शा बुक किया था। सभी लोग गंगा स्नान एवं मां शीतला के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर आ रहे थे। चालक ने कमासिन के पास मकक्कन एवं उनकी पत्नी अरीता देवी को भी बैठा लिया था। सयारा पुल के समीप सामने से एक ई रिक्शा लोडर ने ऑटो में टक्कर मार दिया। लोडर चालक ने अपने वाहन में भी कुछ महिलाओं को बैठाया था। हादसे में सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की खबर पुलिस एवं एंबुलेंस को दी गई। मौके पर सिराथू चौकी प्रभारी हमराहियों के साथ पहुंचे। इसके अलावा जानकारी सेलरहा पश्चिम ग्राम प्रधान लवलेश यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और अपने-अपने वाहनों से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। घायलों के जाने के बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं ग्राम प्रधान लवलेश एवं सिराथू चौकी प्रभारी की इलाके लोग प्रशंसा कर रहे हैं। हादसे में घायल दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।








