प्रभारी मंत्री ने प्राकृतिक खेती कार्यशाला कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ,कृषकों को बीज मिनीकिट नि:शुल्क किया वितरण

कौशाम्बी: प्रभारी मंत्री ने प्राकृतिक खेती कार्यशाला कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ,कृषकों को बीज मिनीकिट नि:शुल्क किया वितरण,

यूपी के कौशाम्बी जिले में पहुंची जिले की प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास,उ.प्र. कृष्णा पासवान ने शुक्रवार को केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम ” के अंतर्गत नगर पालिका परिषद,मंझनपुर परिसर में कृषि एवं कृषि संवर्गीय विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का फीता काटकर उद्घाटन एवं स्टालों का अवलोकन किया।

राज्यमंत्री ने नगर पालिका परिषद, मंझनपुर सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ एवं कृषकों को बीज मिनीकिट नि:शुल्क प्रदान किया।

राज्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 5 जून,2026 से 21 जून,2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत 02 दिवसीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों के कल्याण के लिए अनेक कार्य किए है। किसानों को नलकूप से सिंचाई निःशुल्क कर दिया गया है। किसानों को नलकूप का बिल जमा नहीं करना है। एम.एस.पी. दर पर किसानों से उनकी फसल-गेहूं व धान आदि की रिकॉर्ड स्तर पर खरीद की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत किसानों को रुपए 06 हजार प्रतिवर्ष देने का कार्य किया जा रहा है। किसानों के कल्याण के लिए सरकार सभी क्षेत्रों में कार्य की है।

राज्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे खेती के साथ-साथ गाय पालन, बकरी पालन एवं मुर्गी पालन आदि कार्य भी करें। इसके लिए सरकार आर्थिक सहायता एवं छूट भी प्रदान कर रही है। इससे किसानों की आय में और वृद्धि हो सकेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि वैज्ञानिकों द्वारा कार्यशाला में बताए गए उपायों/तकनीक को अपनाकर प्राकृतिक खेती करें। खेती में संतुलित मात्रा में ही खाद का उपयोग करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों-स्वास्थ्य शिविर, प्रबुद्धजन सम्मेलन, प्राकृतिक खेती कार्यशाला आदि का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने इन विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राकृतिक खेती कार्यशाला को शामिल कर किसानों के कल्याण को सर्वोपरि रखा है। देश के 140 करोड देशवासियों की चिंता की है। प्राकृतिक खेती/जैविक खेती करने से, कीटनाशक व रासायनिक उर्वरक रहित खेती करेंगे तो देश के 140 करोड देशवासियों को भी स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। यह कार्यक्रम प्रेरणादायी है।

पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में एक हजार प्राकृतिक खेती कार्यशाला होना है। यह देश कृषि और कृषि परंपरा का देश है। इस देश की कृषि परंपरा को मजबूत किए बिना, इस देश को मजबूत नहीं कर सकते। इस कृषि परंपरा को मजबूत किए बिना, देश के गौरवशाली एवं वैभवशाली इतिहास को देश-दुनिया में स्थापित नहीं कर सकते। इसलिए कृषि एवं कृषि परंपरा को मजबूत करना ही वर्तमान सरकार का मुख्य ध्येय है।

अध्यक्ष,जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। पूर्व विधायको लाल बहादुर, शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का आवाहन किया।

इस अवसर पर सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा, अवधेश गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेंद्र कुमार फौजी, अध्यक्ष नगर पंचायत सिराथू भोला यादव, शिव मोहन मौर्य, ज्योति केसरवानी, नीतू कनौजिया, चन्द्रदत्त शुक्ल व भोलेशंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor