कौशाम्बी: कौशाम्बी में दोस्त को छोड़ने गए बाइक सवार युवक का सड़क के किनारे मिला शव,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के लोधौर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक रविवार शाम अपने दोस्त को छोड़ने गया था। दोस्त को छोड़ने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान फरीदपुर गांव के पास वह सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।
सड़क किनारे युवक को पड़ा देखकर आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जांच के दौरान युवक को मृत पाया गया। मृतक की पहचान सुभाष सिंह पुत्र धारा सिंह निवासी लोधौर के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ चायल शिवांक सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








