कौशाम्बी: स्वतंत्रता दिवस पर कौशाम्बी पुलिस लाइन में शान से फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में देश में।आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन कौशाम्बी में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई।
ध्वजारोहण के दौरान पुलिस बैंड पार्टी ने राष्ट्रगान की धुन प्रस्तुत की। समारोह में जिला जज बृज विशाल पाण्डेय, एसपी सत्यनारायण, डीएम अमित पाल सहित जनपद के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की गई। विभिन्न स्तरों पर प्राप्त उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक तथा सिल्वर मेडल से सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में एसपी सत्यनारायण ने पुलिस लाइंस के क्वार्टर गार्ड पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं एएसपी अमिता सिंह ने पुलिस कार्यालय में ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। जनपद के सभी सीओ कार्यालयों, थानों, चौकियों एवं फायर स्टेशनों पर भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह ने पुलिसकर्मियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।








